News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

(अपडेट) आराेपित के पुलिस हिरासत से फरार होने की अफवाह पर सड़क जाम

पलामू, 03 जुलाई । जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के बिंदु बीघा गांव में मामूली विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। गुरुवार की देर शाम धारदार हथियार से हुए हमले में आठ माह के मासूम की जान चली गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों का इलाज रिम्स, रांची में चल रहा है।

शुक्रवार को आरोपित के पुलिस कस्टडी से भाग जाने को लेकर उठे सवाल पर ग्रामीणों ने हैदरनगर-जपला मुख्य पथ को बिंदु बीघा मोड़ के पास जाम कर दिया। पुलिस ने वीडियो कॉल पर अभियुक्त को दिखाया, तब जाकर करीब डेढ़ घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।

जानकारी के अनुसार, बिंदु बिगहा गांव निवासी चितरंजन पासवान का दीपक पासवान के 15 वर्षीय भतीजा के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। कुछ देर बाद चितरंजन धारदार हथियार लेकर पहुंचा और दीपक, उनकी पत्नी कृपा देवी और उनकी गोद में मौजूद आठ माह के बच्चे पर हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीण उन्हें तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया।

दीपक पासवान और कृपा देवी को प्राथमिक उपचार के बाद मेदिनीनगर रेफर किया गया। दीपक और उनकी पत्नी की हालत ज्यादा गंभीर होने पर उन्हें रिम्स, रांची भेज दिया गया। दोनों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपित चितरंजन पासवान को गिरफ्तार कर लिया।

शुक्रवार को ग्रामीणों के बीच यह बात फैल गई कि जिस आराेपित को उन्होंने पकड़कर पुलिस को सौंपा था, वह थाने में नहीं है। इसके बाद ग्रामीणों ने बिंदु बीघा मोड़ के पास हैदरनगर-जपला मुख्य पथ जाम कर दिया। वे थाना प्रभारी को मौके पर बुलाने और आरोपित को दिखाने की मांग कर रहे थे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। बाद में पुलिस ने वीडियो कॉल के जरिए आराेपित चितरंजन पासवान को ग्रामीणों को दिखाया। इसके बाद ग्रामीणों का भरोसा लौटा और करीब डेढ़ घंटे बाद जाम हटा लिया गया।

हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांशु शुक्ला ने बताया कि आरोपित को पूछताछ के लिए हुसैनाबाद लाया गया था। इसी वजह से ग्रामीणों को गलतफहमी हो गई थी। वीडियो कॉल पर आरोपित को दिखाकर स्थिति स्पष्ट कर दी गई, जिसके बाद मामला शांत हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply