News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

सरस्वती विहार के छात्र जोशी ने प्रथम प्रयास में सीए परीक्षा उत्तीर्ण की

नैनीताल, 03 जुलाई । नगर के प्रतिष्ठित पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार के मेधावी छात्र प्रियांशु जोशी ने भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट संस्थान (आईसीएआई) द्वारा आयोजित चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) परीक्षा प्रथम प्रयास में उत्तीर्ण कर विद्यालय और परिवार का नाम गौरवान्वित किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रियांशु जोशी ने इसी शैक्षणिक सत्र में विद्यालय की बोर्ड परीक्षा में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। इसके बाद कठिन परिश्रम, अनुशासित अध्ययन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने सीए की परीक्षा भी पहले ही प्रयास में सफलता के साथ उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

मूल रूप से पिथौरागढ़ के निवासी प्रियांशु के पिता गोविंद बल्लभ जोशी वर्तमान में नोएडा में चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं, जबकि उनकी माता चंद्रकला जोशी गृहिणी हैं। प्रियांशु के माता-पिता ने उनकी सफलता का श्रेय पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार विद्यालय परिवार को दिया है। प्रियांशु की सफलता का समाचार मिलते ही विद्यालय में हर्ष का वातावरण व्याप्त हो गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सूर्य प्रकाश ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि वर्तमान एवं भावी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास, समय का सदुपयोग और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी चुनौतीपूर्ण परीक्षा में सफलता प्राप्त की जा सकती है।

विद्यालय के प्रबंधक अरुण कुमार अग्रवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रियांशु भविष्य में एक सफल चार्टर्ड अकाउंटेंट के रूप में देश और समाज की सेवा करते हुए संस्थान का नाम राष्ट्रीय स्तर पर भी गौरवान्वित करेंगे। विद्यालय परिवार ने उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply