News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

कुंभ मेला: मंडलायुक्त ने निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर

हरिद्वार, 03 जुलाई । कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत विकसित की जा रही अवस्थापना परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनन्द स्वरूप ने शुक्रवार को हरिद्वार में विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने धनौरी-सिडकुल मार्ग पर पथरी रौ नदी में पुरानी गंग नहर के साइफन के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में निर्माणाधीन दो लेन के 90 मीटर स्पान वाले पुल का जायजा लिया। कुंभ मेला मद से बनने वाले इस पुल के लिए 16.59 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पुल निर्माण के लिए प्रस्तावित 36 आधार स्तंभों में से 33 का कार्य अंतिम चरण में है, जबकि शेष तीन स्तंभों का निर्माण इसी माह पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद पाइल कैप और स्टील सुपर स्ट्रक्चर का निर्माण किया जाएगा।

इसके बाद उन्होंने धनौरी-सिडकुल मोटर मार्ग के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और डामरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। लगभग 8.50 किलोमीटर लंबी इस सड़क के सुधार एवं डामरीकरण के लिए 6.53 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क के आधारभूत कार्य शीघ्र पूरे किए जाएं तथा बारिश समाप्त होते ही डामरीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ मेला-2027 से जुड़े सभी निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply