News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

बैहना वार्ड को निगम से बाहर करने की मांग को लेकर विधायक इंद्र सिंह गांधी भी पहुंचे मुख्यमंत्री के दरबार

मंडी, 21 जुलाई । नगर निगम के बैहना वार्ड को निगम से बाहर करके पंचायत का दर्जा बहाल करने की मांग लोग कर रहे हैं और इसे लेकर लोगों ने कांग्रेस के नेता एवं पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी से मिल कर इस मामले को मुख्यमंत्री से उठाने की मांग की थी। अभी प्रकाश चौधरी इसे लेकर मुख्यमंत्री से मिल नहीं पाए मगर क्षेत्र के भाजपा विधायक इंद्र सिंह गांधी मंगलवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दरबार पहुंच गए और इस मांग को लेकर ज्ञापन सौंप दिया।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मिल कर बताया कि इस वार्ड में नगर निगम का चुनाव नहीं हो पाया है क्योंकि लोगों ने चुनाव का बहिष्कार किया और लोगों के ही दबाव में आकर भाजपा कांग्रेस समेत सभी उम्मीदवारों ने अपने अपने नामांकन पत्र भी वापस ले लिए। ऐसे में अब यह वार्ड रिक्त है। ऐसे में लोगों की मांग को देखते हुए बैहना को तुरंत प्रभाव से नगर निगम से बाहर करके इसे पंचायत का दर्जा दिया जाए।

इंद्र सिंह गांधी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी इस मांग पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिलाया है। विधायक के अनुसार उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया कि उनकी मांग पर भंगरोटू के स्कूलों का विलय रोक दिया और पुरानी स्थिति को बहाल कर दिया। इसी तरह से कुछ और मांगें भी विधायक ने अपने क्षेत्र के संबंधित मुख्यमंत्री से उठाई।

Leave a Reply