News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

विकास को लेकर ग्रामीण हुए एकजुट, उपायुक्त को मांग-पत्र सौंपने का निर्णय

पश्चिमी सिंहभूम, 21 जुलाई ।

जिले के मंझारी प्रखंड के नगरकट्टा गांव में मंगलवार को ग्रामीण मुंडा भगवान बिरुवा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में गांव के विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और सामाजिक एकजुटता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में ग्रामीणों ने सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था को सशक्त बनाने और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक पहल करने का निर्णय लिया।

बैठक में गांव के बुजुर्गों, महिला, युवा और बुद्धिजीवियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस दौरान आदिवासी हो समाज युवा महासभा के पश्चिमी सिंहभूम जिला अध्यक्ष शेरसिंह बिरुवा ने वर्तमान में चल रही एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को आवश्यक जागरूकता प्रदान की और इसमें सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।

ग्रामीणों ने नगरकट्टा में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता पर जोर देते हुए सर्वसम्मति से गांव में नए स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की मांग उठाई। तय किया गया कि इस संबंध में जल्द ही पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त को मांग-पत्र सौंपा जाएगा, ताकि ग्रामीणों को इलाज के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़े।

बैठक में हो समाज की पारंपरिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से मानकी-मुंडा आवास निर्माण, देशाउली (पारंपरिक पूजा स्थल) की घेराबंदी और जर्जर ग्रामीण सड़क के निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। वहीं मझगांव प्रखंड के पांडुकी में हाल में हुई घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।

ग्रामीणों ने यह भी निर्णय लिया कि मंझारी प्रखंड स्तर पर समाज के बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न वर्गों के लोगों की सहभागिता के साथ व्यापक बैठक आयोजित की जाएगी।

इस बैठक में क्षेत्र के सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास संबंधी मुद्दों पर चर्चा कर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।

बैठक में आदिवासी हो समाज युवा महासभा के जिला सचिव ओयबन हेम्ब्रम सहित भगवान बिरुवा, शेरसिंह बिरुवा, बुदिया बिरुवा, बाबेन बिरुवा, मंगल सिंह सांडिल और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply