News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

बांसवाड़ा में एक करोड़ से अधिक की डकैती का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

बांसवाड़ा, 28 सितंबर । जिले के आंबापुरा थाना क्षेत्र में गेमन पुल के पास 18 सितंबर को हुई एक करोड़ रुपये से अधिक की डकैती के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 97 लाख 12 हजार 250 रुपये नकद और लूटी गई गाड़ियां बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि 18 सितंबर को मोहन और उसका साथी मुकेश, विवेक सेठ की कार से रतलाम से करीब एक करोड़ 18 लाख 27 हजार रुपये लेकर बांसवाड़ा आ रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग-927ए पर गेमन पुल के पास बदमाशों ने सड़क पर ट्रैक्टर खड़ा कर उनकी कार रुकवा दी।

पुलिस के अनुसार इसके बाद बिना नंबर की स्विफ्ट कार से तीन-चार बदमाश वहां पहुंचे और लाठी व तलवार से हमला कर कार के शीशे तोड़ दिए। उन्होंने ड्राइवरों को कार से बाहर खींच लिया और नकदी, मोबाइल फोन तथा कार लेकर फरार हो गए।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 24 सितंबर को अजय, मोहनलाल, कन्हैयालाल और प्रकाश को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों से 97 लाख 12 हजार 250 रुपये नकद और लूटी गई गाड़ियां बरामद की गई हैं। मामले में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और जांच जारी है।

Leave a Reply