देवरिया की आशी त्रिपाठी को आईआईटी हैदराबाद में सेमीकंडक्टर शोध में मिला पुरस्कार
देवरिया, 20 जुलाई । उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भटनी थाना क्षेत्र के नोनापार गांव की बेटी आशी त्रिपाठी ने अपनी शैक्षणिक उपलब्धि से जनपद का नाम रोशन किया है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) हैदराबाद के दीक्षांत समारोह में उन्हें सेमीकंडक्टर मैटेरियल्स एंड डिवाइसेज टेक्नोलॉजी में नवाचारी शोध कार्य के लिए सोमवार को सम्मानित किया गया।
डीआरडीओ में अपर निदेशक राजेश त्रिपाठी ने बताया कि आशी, नोनापार गांव निवासी हेमंत त्रिपाठी की पुत्री हैं। उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा गोरखपुर के कार्मेल गर्ल्स इंटर कॉलेज से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने आईआईटी जम्मू से स्नातक की डिग्री हासिल की और फिर आईआईटी हैदराबाद से सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी में एम.टेक. किया।
वर्तमान में आशी त्रिपाठी अमेरिका की प्रतिष्ठित सेमीकंडक्टर कंपनी ग्लोबलफाउंड्रीज में वैज्ञानिक के रूप में कार्यरत हैं। उनके पिता भारतीय रेलवे में इंजीनियर हैं, जबकि माता शिक्षिका हैं।