News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

महल रोड पर चार एट-ग्रेड यू-टर्न सोमवार से आमजन के लिए खुलेंगे

जयपुर, 18 सितंबर । जेडीए की ओर से जगतपुरा आरओबी से द्रव्यवती नदी तक महल रोड पर विकसित किए गए चार एट-ग्रेड यू-टर्न सोमवार से आमजन के लिए खोल दिए जाएंगे। परियोजना के लिए 1,212.11 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है।

परियोजना के तहत करीब सात किलोमीटर मार्ग पर कुल सात एट-ग्रेड यू-टर्न विकसित किए जाने हैं। इनमें से चार का काम पूरा हो चुका है। इन यू-टर्न का उद्देश्य महल रोड पर यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाना तथा अनावश्यक रुकावट और विलंब को कम करना है।

विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि यू-टर्न व्यवस्था के साथ ट्रैफिक चैनलाइजेशन, रोड मार्किंग, संकेतक, डेलीनेटर और अन्य सड़क सुरक्षा उपाय किए गए हैं। निर्धारित यू-टर्न से दिशा परिवर्तन की सुविधा मिलने के साथ मुख्य मार्ग पर अनावश्यक कट और संभावित संघर्ष बिंदुओं को कम करने में मदद मिलेगी।

जेडीए के अनुसार निर्धारित स्थानों पर यू-टर्न के संचालन से अनावश्यक सिग्नल रुकावट कम होगी और यातायात का निरंतर संचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा। स्पष्ट रोड मार्किंग और संकेतकों से वाहन चालकों को निर्धारित लेन और दिशा में आवाजाही के लिए मार्गदर्शन मिलेगा।

जेडीए ने वाहन चालकों से निर्धारित यू-टर्न का ही उपयोग करने, गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने, लेन अनुशासन बनाए रखने तथा सड़क संकेतकों और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। परियोजना के संचालन के दौरान यातायात व्यवस्था की निगरानी की जाएगी और आवश्यकता के अनुसार सड़क सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन में सुधार किए जाएंगे।

Leave a Reply