गुरुग्राम: हर अधिकारी व कर्मचारी को कर्तव्यों, अधिकारों की जानकारी हो: अनिल शर्मा
गुरुग्राम, 18 सितंबर । राजकीय कन्या महाविद्यालय सेक्टर-14 में शुक्रवार को ऑडिट संबंधित विषय पर दो दिवसीय ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीएचईओ डॉ. अनुपमा यादव, प्राचार्या डॉ. इंदू राव, चीफ अकाउंट ऑफिसर उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा अनिल शर्मा, अकाउंट ऑफिसर कुलदीप सिंह तथा डॉ. सुनीता ढाका ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
प्रशिक्षण के पहले दिन मुख्य वक्ता चीफ अकाउंट ऑफिसर पंचकूला अनिल शर्मा ने कहा कि हर अधिकारी और कर्मचारी को अपने कर्तव्यों और अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आजकल अधिकांश लोग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जानकारी ले रहे हैं, जो जरूरी नहीं कि सच हो। उन्होंने कई उदाहरण देकर इसे सिद्ध किया। उन्होंने बताया कि हरियाणा सर्विस रूल्स की जानकारी सभी प्राचार्यों, प्राध्यापकों, बर्सर और कार्यालय से जुड़े कर्मचारियों को होनी चाहिए। जानकारी होने पर कार्य सुचारु रूप से समय पर संपन्न होते हैं, जबकि जानकारी के अभाव में गलतियां और देरी होती है।
उन्होंने सर्विस से जुड़े जनरल रूल्स, कार्य, अधिकार, कर्तव्य, वेतन, एसीपी, प्रमोशन, महिला संबंधी यौन उत्पीडऩ और सजा के प्रावधानों के बारे में विस्तार से समझाया।
उन्होंने कहा कि संविधान के दायरे में रहने से सभी समस्याओं का समाधान हो जाता है। इस ट्रेनिंग में गुरुग्राम जिले के सभी महाविद्यालयों के प्राचार्य, बर्सर, इच्छुक प्राध्यापक और कार्यालय से जुड़े कर्मचारियों ने भाग लिया। प्राचार्या डॉ. इंदू राव ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम हम सबको बहुत कुछ सिखाते हैं और भविष्य में भी ऐसे सार्थक और प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ट्रेनिंग के दूसरे दिन 18 सितंबर को अनिल शर्मा और कुलदीप सिंह ने मेडिकल बिल तथा अवकाश संबंधी नियमों की विस्तृत व्याख्या की। उन्होंने हरियाणा सरकार द्वारा एंपैनल्ड अस्पतालों की सूची देखने का तरीका भी बताया। इस अवसर पर जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी नूंह गीतिका जाखड़ भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।