News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेले में 20 से अधिक कंपनियों ने दिए नौकरी के अवसर

धसान, 30 मई । धनबाद में शनिवार को श्रम विभाग की ओर से एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 20 से अधिक निजी कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए, जहां बड़ी संख्या में युवाओं ने पहुंचकर विभिन्न पदों के लिए आवेदन किया। कई अभ्यर्थियों का मौके पर ही चयन किया गया और उन्हें ऑफर लेटर भी दिया गया। कार्यक्रम में जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद थेे।

रोजगार मेले में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे युवाओं ने अपनी शैक्षणिक योग्यता और कौशल के आधार पर कंपनियों में आवेदन किया। मेले में तकनीकी, मार्केटिंग, सुरक्षा, सेवा और अन्य क्षेत्रों से जुड़ी कंपनियों ने भाग लिया। कंपनी प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया।

सहायक नियोजन पदाधिकारी पदमा कुमारी ने बताया कि रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि चयनित अभ्यर्थियों को रोजगार के साथ आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे अपने कार्यक्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार ने मेले का निरीक्षण किया और अभ्यर्थियों और कंपनी प्रतिनिधियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि बदलते समय में रोजगार की मांग और स्वरूप लगातार बदल रहे हैं। ऐसे में युवाओं को अपने कौशल को लगातार विकसित करना चाहिए, जिससे उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।

रोजगार मेले के माध्यम से एक ओर जहां युवाओं को नौकरी पाने का अवसर मिला, वहीं कंपनियों को भी योग्य और प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने का मंच मिला। विभाग का कहना है कि आने वाले समय में भी इस तरह के रोजगार मेलों का आयोजन जारी रहेगा।

Leave a Reply