News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

अल्ट्रा पुअर योजना से आत्मनिर्भर बनीं रुद्रप्रयाग की सोनम देवी

रुद्रप्रयाग, 04 अगस्त । ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के अंतर्गत संचालित अति-निर्धन (अल्ट्रा पुअर) योजना के माध्यम से जनपद रुद्रप्रयाग की लाभार्थी सोनम देवी ने कठिन आर्थिक परिस्थितियों से निकलकर आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।

ग्राम चौरा ब्लॉक जखोली की निवासी सोनम देवी का परिवार लंबे समय से आर्थिक अभाव से जूझ रहा था। नियमित आय का कोई स्थायी स्रोत न होने के कारण परिवार की आजीविका चलाना कठिन था। ग्राम स्तर पर किए गए सर्वेक्षण एवं मानकों के आधार पर उनका चयन अति-निर्धन कार्यक्रम में किया गया।

योजना के अंतर्गत उन्हें 35 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की गई। प्रशिक्षण के बाद उन्होंने व्यवस्थित रूप से मुर्गी पालन प्रारंभ किया, जिससे उन्हें नियमित आय प्राप्त होने लगी। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार आया और घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ बचत भी संभव हो सकी।

आज सोनम देवी न केवल अपने परिवार की आय बढ़ाने में सफल हुई हैं, बल्कि अपने गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं। उनका कहना है कि यदि सही समय पर मार्गदर्शन और सहयोग मिले तो अत्यंत गरीब परिवार भी सम्मानपूर्वक आत्मनिर्भर जीवन जी सकते हैं।

योजना का उद्देश्य अत्यंत गरीब एवं वंचित परिवारों को आजीविका के स्थायी साधनों से जोड़कर उन्हें गरीबी से बाहर निकालना तथा सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और सतत आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी उन्मूलन और महिला सशक्तिकरण के प्रभावी माध्यम के रूप में उभर रहे हैं।

Leave a Reply