News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

पत्नी रिया को एक दिन की पैरोल, गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का अंतिम संस्कार पांच को

पलामू, 04 अगस्त । कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के अंतिम संस्कार को लेकर मंगलवार को पूरे दिन चले घटनाक्रम के बाद स्थिति साफ हो गई। व्यवहार न्यायालय, पलामू ने सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए एक दिन की पैरोल मंजूर कर दी है। अब बुधवार को जिले के हुसैनाबाद प्रखंड के मरहा पथरा गांव में सुजीत सिन्हा का अंतिम संस्कार होने की संभावना है।

मंगलवार को सुजीत सिन्हा का शव उसके पैतृक गांव पथरा पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। गांव में लोगों का तांता लगा रहा। भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करते रहे। गांव और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

इससे पहले मंगलवार को प्रस्तावित अंतिम संस्कार टाल दिया गया था। परिजनों ने बताया कि सुजीत सिन्हा के पुत्र अक्षत कुमार और पत्नी रिया सिन्हा के आने का इंतजार किया जा रहा था। रिया सिन्हा वर्तमान में चाईबासा जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। उनके पैरोल आवेदन पर मंगलवार को पलामू व्यवहार न्यायालय में सुनवाई हुई।

अधिवक्ता चितरंजन पांडेय ने बताया कि व्यवहार न्यायालय, पलामू ने रिया सिन्हा की एक दिन की पैरोल स्वीकृत कर दी है। न्यायालय के आदेश की प्रति मेदिनीनगर जेल अधीक्षक को उपलब्ध करा दी गई है, जिसे ईमेल के माध्यम से चाईबासा जेल अधीक्षक को भेज दिया गया है। रिहाई की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिया सिन्हा को पुलिस अभिरक्षा में हुसैनाबाद लाया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को रिया सिन्हा पुलिस कस्टडी में मरहा पथरा गांव पहुंचेगी, जहां वह अपने पति के अंतिम संस्कार में शामिल होगी। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे पुनः न्यायिक हिरासत में चाईबासा जेल भेज दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि झारखंड के चर्चित गैंगस्टर सुजीत सिन्हा हाल ही में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। इसके बाद से उसके अंतिम संस्कार और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरे पलामू सहित आसपास के जिलों की नजरें हुसैनाबाद पर टिकी हुई हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अंतिम संस्कार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती रहेगी और पूरे घटनाक्रम पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

Leave a Reply