News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

संगठन और पांच निष्ठाओं पर आधारित दल है भाजपा : डॉ. दिनेश शर्मा

लखीमपुर खीरी, 17 मई । ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की अवधारणा को साकार करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के अंतर्गत जिला प्रशिक्षण वर्ग का भव्य आयोजन स्थानीय कुंज बिहारी राठी सभागार में किया गया। उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा रहे, जिन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर और परिसर में लगी प्रदर्शनी का उद्घाटन कर वर्ग का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कार्यकर्ताओं में राष्ट्रवाद का जोश भरते हुए कहा कि भाजपा कोई व्यक्ति केंद्रित नहीं, बल्कि संगठन और पांच निष्ठाओं पर आधारित दल है, जिसका कार्यकर्ता राष्ट्र की मजबूती के लिए अंतिम क्षण तक झंडा थामे रहता है।

डॉ. शर्मा ने कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण और कश्मीर से धारा 370 हटाना इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने जनसंघ काल की याद दिलाते हुए कहा कि 21 अक्टूबर 1951 को स्थापित जनसंघ ने ही देश को परमाणु संपन्न बनाने की घोषणा की थी, जिसे श्रद्धेय अटल जी के नेतृत्व में पूरा किया गया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक और सामरिक रूप से मजबूत हो रहा है। विदेशी मुद्रा भंडार बचाने के लिए ईंधन संरक्षण और खाद्य तेलों के विवेकपूर्ण उपयोग जैसे दूरगामी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि यूएई भारत में 03 करोड़ बैरल का तेल गोदाम बना रहा है। कोरोना काल में भारत ने न सिर्फ अपनी रक्षा की, बल्कि 120 देशों को मुफ्त टीका देकर वैश्विक स्तर पर अपनी क्षमता सिद्ध की।

विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा लोकतंत्र को कुचला है। आपातकाल में लाखों को जेल भेजने वाले आज किस मुंह से संविधान बचाने की बात करते हैं। वहीं सपा केवल जातिवाद की राजनीति करती है, जबकि भाजपा विकासवाद पर चलती है। आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ के सपने को पूरा करते हुए 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, आयुष्मान योजना से 5 लाख तक का मुफ्त इलाज, पीएम आवास और यूपी में जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट सहित 22 हवाई अड्डों का जाल बिछाया गया है।

प्रशिक्षण से निखरती है कार्यकर्ता की कार्यक्षमता

द्वितीय सत्र के मुख्य वक्ता अवध क्षेत्र के अध्यक्ष कमलेश मिश्रा रहे। उन्होंने कहा कि गोला की यह पावन धरती पंडित दीनदयाल उपाध्याय की कर्मस्थली रही है, इसलिए यहाँ प्रशिक्षण प्राप्त करना और भी महत्वपूर्ण है। स्वामी विवेकानंद के विचारों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि देश को चरित्रवान और सशक्त युवाओं व महिलाओं की आवश्यकता है, जिन्हें आगे बढ़ाने का कार्य भाजपा कर रही है। उन्होंने प्रशिक्षण की तुलना दीपक के ऊपर रखे शीशे से की, जो प्रकाश को और तेज तथा टिकाऊ बनाता है। इस सत्र की अध्यक्षता विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने की तथा संचालन मनोज वर्मा ने किया।

तीसरे सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में उत्तराखंड से आए मध्य जोन प्रशिक्षण प्रभारी राजीव भंडारी ने कार्यकर्ताओं को सांगठनिक विषयों में पारंगत होने के गुर सिखाए। इस सत्र की अध्यक्षता सदर विधायक योगेश वर्मा ने की तथा संचालन राजेश सिंह द्वारा किया गया।

अनुशासित कार्यकर्ताओं की पार्टी है भाजपा: अरविंद गुप्ता

उद्घाटन सत्र का समापन भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने किया। उन्होंने मुख्य अतिथि को आश्वस्त करते हुए कहा कि भाजपा अनुशासित कार्यकर्ताओं की पार्टी है और जिले के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से सभी 11 सत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर इसे गांव-गांव तक पहुंचाएंगे। इससे पूर्व मुख्य अतिथि का स्वागत सुनील सिंह, विनोद मिश्रा, जिला महामंत्री अनुराग मिश्रा, मनोज वर्मा और राजेश सिंह ने किया।

वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री, वर्ग प्रभारी व पूर्व प्रदेश मंत्री डॉ. वीरेंद्र तिवारी, विधायक अमन गिरी, मंजू त्यागी, शशांक वर्मा, सौरभ सिंह सोनू, लोकेंद्र प्रताप सिंह, विनोद रस्तोगी, विजय महेश्वरी, नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू, जिला मीडिया प्रभारी रमेश चंद्र मिश्रा, सह प्रभारी राजीव मिश्रा, रविंद्र कटियार, शौर्य सक्सेना, ज्योतिर्मय बरतारिया, अनूप शुक्ला, ठाकुर प्रसाद गंगवार, धीरज बाजपेई सहित सभी ब्लॉक प्रमुख और मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।

Leave a Reply