News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

कर्मचारियों को गेहूं खरीद की प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश : जिलाधिकारी

देवरिया, 17 मई । उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने रविवार को रुद्रपुर तहसील क्षेत्र स्थित गेहूं क्रय केंद्र एवं पीसीएफ खाद विक्रय केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को गेहूं खरीद की प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी गेहूं क्रय केंद्र निर्धारित समय पर खुलें और किसानों से सुचारु रूप से खरीद सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि किसानों को गेहूं बिक्री में किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी उसरा बाजार स्थित गेहूं क्रय केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर कांटे का सत्यापन कराया। पहले बोरे में गेहूं भरवाकर वजन कराया और उसके बाद खाली बोरे का भी वजन कराया। जांच में कांटा सही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया।

उन्होंने क्रय पंजिका एवं अन्य अभिलेखों का भी अवलोकन किया। कर्मचारियों से खरीद व्यवस्था की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि खरीद प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए तथा किसानों के साथ विनम्र व्यवहार किया जाए। इसके बाद जिलाधिकारी ने परसिया मिश्र स्थित पीसीएफ खाद विक्रय केंद्र का निरीक्षण किया। वहां खाद की अनलोडिंग होती मिली। उन्होंने अधिकारियों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध रखने तथा किसानों को समय से खाद वितरण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों का हित सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी किसान को गेहूं बेचने में असुविधा नहीं होनी चाहिए।

Leave a Reply