उपायुक्त ने की जनगणना 2027 की तैयारियों की समीक्षा
खूंटी, 07 मई । समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने जनगणना 2027 के अंतर्गत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) कार्यों की समीक्षा बैठक की।
बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मियों को स्व-गणना प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए आमजनों को जागरूक करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंक, समाहरणालय, प्रखंड और अंचल कार्यालयों सहित अन्य विभागों के पदाधिकारियों, शिक्षकों, चिकित्सकों और कर्मियों से स्व-गणना पोर्टल पर जाकर स्वयं जानकारी दर्ज करने एवं अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने को कहा। नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को समाहरणालय और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सहायता स्टॉल लगाकर लोगों को ऑनलाइन स्व-गणना में सहयोग देने का निर्देश दिया गया।
बैठक में बताया गया कि जनगणना 2027 भारत की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी। इसके तहत आम लोग घर बैठे ऑनलाइन 33 निर्धारित प्रश्नों का उत्तर भर सकेंगे। स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से परिवार और आवास से जुड़ी जानकारी 16 भाषाओं में दर्ज की जा सकती है। यह सुविधा 01 मई से 15 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और गणना कार्य करेंगे।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक समयावधि के भीतर स्व-गणना कर राष्ट्रीय कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इससे समय की बचत होगी और सटीक और सुरक्षित डाटा संकलन संभव हो सकेगा।