कल्याण मटका के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले दो साइबर ठग गिरफ्तार
जयपुर, 26 जून । जयपुर ग्रामीण जिले की जोबनेर थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने साइबर अपराध के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करते हुए कल्याण मटका ऑनलाइन गेम के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो, लैपटॉप और चार महंगे मोबाइल जब्त किए हैं। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ करने में जुटी है।
जयपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि जोबनेर थाना पुलिस और डीएसटी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कल्याण मटका ऑनलाइन गेम के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के शातिर ठग अजय कुमार (23) निवासी फुलेरा जिला जयपुर ग्रामीण और विवेक चौधरी (25) निवासी जोबनेर को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि अजय फेसबुक मेटा पर ‘कल्याण मटका’ ऑनलाइन गेम के फर्जी विज्ञापन चलाकर लोगों को फंसाता था, जबकि विवेक व्हाट्सएप पर फोन-पे का क्यूआर कोड अथवा बैंक खाते का स्क्रीनशॉट भेजकर उनसे पैसे मंगवाता था।
पुलिस ने जब आरोपियों के लैपटॉप और मोबाइल फोन की जांच की तो उनमें ‘कल्याण मटका’ से संबंधित फेसबुक आईडी खुली मिली। व्हाट्सएप चैट में विभिन्न मोबाइल नंबरों के जरिए गेम खिलाने और रकम ट्रांसफर कराने के साक्ष्य भी मिले। आरोपी लोगों से पैसे जमा करवाने के बाद जीतने पर राशि वापस नहीं लौटाते थे और अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस ठगी को अंजाम देते थे।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक एचपी कंपनी का लैपटॉप, दो आईफोन 17 प्रो, एक वीवो वी-29 मोबाइल, एक रियलमी मोबाइल तथा अपराध में प्रयुक्त महिंद्रा स्कॉर्पियो जब्त की।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों और ठगी के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ जारी है। यह कार्रवाई जोबनेर थानाधिकारी हनुमान सहाय और डीएसटी प्रभारी उपनिरीक्षक सुहेल खान के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक मदन लाल, हैड कांस्टेबल छीतर मल, राजपाल, कांस्टेबल रामस्वरूप, राहुल, झाबर मल और राजू ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गौरतलब है कि पुलिस को सूचना मिली कि जोबनेर बाईपास स्थित गोपाल टी स्टॉल के पास खड़ी एक काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो में बैठे कुछ लोग साइबर ठगी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर दो युवकों को गिरफ्तार किया था।