News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

सड़क दुर्घटना में पुजारी की मौत

जिले के थाना संग्रामपुर क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में कालिकन मंदिर के पुजारी हरिकृष्ण मिश्रा घायल हो गए। इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत से गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि

पुजारी हरिकृष्ण मिश्रा (45) संग्रामपुर के रहने वाले थे। शुक्रवार को वह अपनी मोटरसाइकिल से कालिकन–चंद्रिकन मार्ग के रास्ते घर लौट रहे थे। जैसे ही वह खरेथू मोड़, मजरा नेवादा कनू के पास पहुंचे, तभी अचानक एक कुत्ता उनकी मोटरसाइकिल के सामने आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आ गई। घायल अवस्था में हरिकृष्ण मिश्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें निजी साधन से इलाज के लिए प्रतापगढ़ ले गए, लेकिन वहां से भी बेहतर इलाज न मिलने पर उन्हें प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रयागराज में इलाज के दौरान शुक्रवार की रात हरिकृष्ण मिश्रा ने दम तोड़ दिया। जैसे ही उनके निधन की सूचना गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया। हरिकृष्ण मिश्रा कालिकन धाम में पुजारी के रूप में सेवा कर रहे थे और मंदिर परिसर में प्रसाद की दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र ओम मिश्रा और एक पुत्री को छोड़ गए हैं।

थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। परिजनों की इच्छा होने पर पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की विधिक कार्रवाई कराई जाएगी।

Leave a Reply