News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

हर जिले में बनेंगे सिंथेटिक ट्रैक, नियुक्त होंगे विदेशी कोच : गौरव गौतम

चंडीगढ़, 26 अगस्त । हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि ग्लासगो (स्कॉटलैंड) में संपन्न हुए 23वें कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के खिलाड़ियों ने कुल 13 स्वर्ण पदक जीते, जिनमें से 7 स्वर्ण पदक अकेले हरियाणा के माटी के लाल और बेटियों ने हासिल किए हैं।

उन्होंने कहा कि बेटियों द्वारा जीते गए इन पदकों ने दुनिया भर में तिरंगे का मान बढ़ाया है और ये खिलाड़ी पूरे देश व प्रदेश के लिए रोल मॉडल हैं। खेल मंत्री बुधवार को पंचकूला में कामनवेल्थ गेम्स 2026 के पदक विजेता व प्रतिभागी खिलाड़ियों के राज्यस्तरीय सम्मान समारोह में संबोधित कर रहे थे।

गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा सरकार ने ‘मिशन ओलंपिक 2036: विजयी भव’ की तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। खिलाडिय़ों को वैश्विक मंच पर सर्वश्रेष्ठ संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश का खेल बजट बढ़ाकर 850 करोड़ रुपये कर दिया गया है।

प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए जा रहे हैं। केंद्र सरकार के ऐतिहासिक 36,000 करोड़ रुपये के खेल बजट की तर्ज पर हरियाणा में भी आगामी एक वर्ष में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा। राज्य के प्रत्येक जिले में अंतरराष्ट्रीय स्तर के सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण होगा। खिलाडिय़ों की तकनीक में सुधार और आधुनिक प्रशिक्षण के लिए विश्वस्तरीय विदेशी कोचों की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अर्जुन अवॉर्डियों और ओलंपिक पदक विजेताओं को नई खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु सरकार सस्ते ब्याज दर पर 5 करोड़ रुपये तक का लोन मुहैया कराएगी। राज्य के जमीनी खेल मॉडल की सराहना करते हुए बताया कि 8 साल की उम्र से बच्चे खेल नर्सरियों में प्रशिक्षण शुरू करते हैं।

Leave a Reply