स्कूल प्रिंसिपल ने चलवा दी हरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी
शिकायतकर्ता पूर्व प्रधानाचार्य एसपी सिंह ने कहा कि डीएवी मैनेजमेंट कमेटी ने 12 नवबंर 2025 को स्कूल परिसर में लगे एक दर्जन के हरे-भरे पेड़ों को बिना किसी परमिशन के कटवा दिया है। जिसमें आंवला, अमलताश, कचनार, पाॅपुलर और अन्य मेडिसिनल प्लांट शामिल थे। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन ने नगर निगम आयुक्त से भी इन पेड़ों को काटने की परमिशन नही ली है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां स्कूलों से पर्यावरण बचाने और ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने के संदेश रैलियों के माध्यम से निकाले जाते हैं। वहीं दूसरी तरफ डीएवी स्कूल प्रबंधन कमेटी इससे बिल्कुल उलट चलकर पर्यावरण को नुक्सान पहुंचा रही है। जिससे समाज में भी सही संदेश नही जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी जानकारी मिली है कि उक्त स्कूल के प्रधानाचार्य ने इन पेड़ो को स्टूडेंट्स से ही कटवाया है।
वहीं इस संबंध में रेंज अफसर ऊना अंकुश सिंह ने बताया कि इसके लिए संबंधित क्षेत्र के गार्ड को मौका का निरीक्षण करने के लिए भेज दिया गया है। जैसे ही फील्ड से रिपोर्ट आती है तो उस पर कार्यवाही की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव का कहना है कि वन विभाग की रिपोर्ट आने के बाद ही उचित कार्रवाई होगी।