चारधाम यात्रा को लेकर एडीजी ने की समीक्षा, सुरक्षा व यातायात प्रबंधन के सख्त निर्देश
श्रीनगर, 15 अप्रैल । अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) एपी अंशुमान ने चारधाम यात्रा को लेकर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने और प्रमुख स्थलों पर बैरिकेडिंग व साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
पौड़ी जिले के श्रीनगर में बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में एडीजी ने श्रद्धालुओं की संभावित भारी संख्या, यातायात दबाव, दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट, संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा, पार्किंग प्रबंधन और रूट डायवर्जन योजना पर विस्तार से चर्चा की।
अपर पुलिस महानिदेशकने सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम की सक्रियता और मेडिकल और रेस्क्यू टीमों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा। साथ ही धामों में मौसम, मार्गों की स्थिति और श्रद्धालुओं की संख्या की रियल टाइम मॉनिटरिंग कर यात्रियों को समय-समय पर जानकारी देने के निर्देश दिए।
एडीजी ने अधिकारियों को ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को नियमित ब्रीफिंग देने और श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि श्रीनगर यात्रा का प्रमुख पड़ाव होने के कारण यहां सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार, क्षेत्राधिकारी पौड़ी तुषार बोरा, प्रभारी निरीक्षक कुलदीप नेगी, प्रभारी महिला थाना प्रियंका भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।