सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के नारों से गूंजा शहर
यात्रा में तिरंगे झंडों से सजी झांकियां, देशभक्ति गीत और सरदार पटेल के ऐतिहासिक संदेश आकर्षण का केंद्र रहीं। सड़क किनारे खड़े लोग झांकियों की तस्वीरें लेते नजर आए। पूरे मार्ग में ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ और ‘सरदार पटेल अमर रहें’ के नारे गूंजते रहे।
कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि सरदार पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व क्षमता के कारण ही भारत की एकता और अखंडता सुदृढ़ हो सकी। उन्होंने युवाओं से पटेल के राष्ट्रप्रेम और निर्णय क्षमता से प्रेरणा लेने की अपील की। भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने कहा कि देश का वर्तमान भौगोलिक स्वरूप सरदार पटेल की दूरदृष्टि की देन है।
शोभायात्रा में एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, भाजपा नेता देवेंद्र जोशी सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। यात्रा को शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए थे।