गांजा और 78 हजार रुपये नगद के साथ दो गिरफ्तार
गांजा और 78 हजार रुपये नगद के साथ दो गिरफ्तार
खूंटी, 20 मई (हि.स.)। गुप्त सूचना के आधार पर अड़की थाना की पुलिस ने कोरबा से डोरेया जाने वाली सड़क पर मंगलवार को चेकिंग अभियान चलाकर एक टीवीएस मोपेड पर सवार एक व्यक्ति के पास से लगभग सात किलो अवैध गांजा बरामद किया। मौके पर ही मोपेड चालक दिउड़ी तमाड़ निवासी दीनबंधु प्रमाणिक नामक (34 ) को पकड़ लिया गया। उसकी निशानदेही पर अड़की के हेसापीड़ी गांव निवासी दुबराज मिर्धा के घर पर छापामारी कर उसके घर से लगभग डेढ़ किलो अवैध गांजा और गांजा बिक्री के 78,800 रुपये नकद और एक डिजिटल तराजू बरामद किया गया।
इस संबंध में पुलिस ने उक्त दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से बरामद कुल 8 किलो 256 ग्राम अवैध गांजा, 78,800 रुपये नकद, टीवीएस मोपेड और डिजिटल तराजू को जब्त कर लिया गया। यह जानकारी जिला पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति में दी गई। बताया गया कि पुलिस को यह गुप्त सूचना मिली थी कि कोरबा की तरफ से एक व्यक्ति गोल्डन ब्राउन कलर के टीवीएस मोपेड में गांजा लेकर डोरेया की ओर जाने वाला है। इस सूचना पर अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में छापामार टीम का गठन किया गया। छापामार टीम द्वारा बिरसिंह डीह टोला के पास चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया। उसी दौरान कोरबा की ओर से आ रहे उक्त टीवीएस मोपेड सवार को जब रोकने का इशारा किया गया, तो मोपेड सवार व्यक्ति भागने लगा। इस पर सतर्क जवानों ने उसे खदेड़ कर पकड़ लिया। मोपेड की तलाशी ली गई, तो एक बैग में रखा अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने हेसापीड़ी निवासी दुबराज मिर्धा से गांजा खरीदने की बात बताई। इस पर पुलिस ने दुबराज मिर्धा के घर में भी छापेमारी कर उसके घर से अवैध गांजा और गांजा बरामद किया। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध अड़की थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। छापेमारी टीम में अड़की थाना प्रभारी के अलावा अड़की थाना के एसआई रौशन कुमार, एसआई कुंदन कुमार, हवलदार संतोष कुमार, आरक्षी हाफिज अंसारी समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
—————