धार में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 2 युवकों की मौत
धार, 20 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के धारजिले में मंगलवार दोपहर नागदा-गुजरी मार्ग पर सलकनपुर फाटे के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए धार जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धार के मगजपुरा निवासी भगवान लश्करी (45) और त्रिमूर्ति नगर निवासी ललित सेंडगे (48) बाइक से मानपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मांडव की तरफ से धार आ रही दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर बिलोदा निवासी प्रवीण (25) और रोहित (25) सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ललित सेंडगे और प्रवीण की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, भगवान लश्करी और रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलाें को तत्काल धार जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में रखवाए गए हैं।
प्रवीण के भाई धर्मराज ने बताया कि प्रवीण और रोहित बिलोदा से धार में अपने जीजा के घर आने के लिए निकले थे। वहीं, भगवान लश्करी के परिजनों के मुताबिक, वह धार से अपने ससुराल मानपुर जा रहे थे। इसी दौरान सलकनपुर फाटे के पास दोनों बाइकों की टक्कर हो गई।
हादसे की सूचना मिलने के बाद नालछा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
