News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Haryana

फतेहाबाद में हुई 10वीं राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप में पंजाब बना विजेता

फतेहाबाद, 20 अक्टूबर । गुरु नानक डिफेंस एवं स्पोर्ट्स अकैडमी रतिया में आयोजित राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप में पंजाब की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जबकि दिल्ली दूसरे और हरियाणा तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश राज्य ने चौथा, हिमाचल प्रदेश ने पांचवां, झारखंड ने छठा, चंडीगढ़ ने सातवां, महाराष्ट्र ने आठवां, बिहार ने नौवां और उत्तर प्रदेश राज्य ने दसवां स्थान प्राप्त किया।

राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप के समापन समारोह में मंगलवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को शामिल होना था, लेकिन पूर्व तय कार्यक्रम के कारण उनके स्थान पर हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कार्यक्रम में शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, पंजाब के पूर्व खेल मंत्री, अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज एवं पूर्व ओलंपिक अध्यक्ष राणा सिंह सोढ़ी, हरियाणा भाजपा के उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रविंदर सिंह बलियाला, पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा तथा हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की धर्म प्रचार शाखा के चेयरमैन जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

गुरु काशी यूनिवर्सिटी, तलवंडी साबो के चांसलर गुरुलाभ सिंह सिद्धू ने गतका खेल को औपचारिक शैक्षणिक पहचान प्रदान करने की दिशा में विश्वविद्यालय में एक वर्षीय डिप्लोमा इन गतका शुरू करने की घोषणा की।गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रधान राजिंदर सिंह सोहल, जनरल सेक्रेटरी बलजिंदर सिंह तूर तथा गतका एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के प्रधान स्वर्ण सिंह रतिया ने प्रतियोगिता में विजेता रही टीमों और खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित 10वीं राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप 2026 में देश के 21 राज्यों से लगभग 1000 खिलाड़ियों और 500 अधिकारियों सहित 2000 लोगों ने लिया हिस्सा। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और अनुशासन का प्रदर्शन किया।

Leave a Reply