News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Rajasthan

दौसा–गंगापुर सिटी रेलखंड पर एसी ट्रैक्शन मूवमेंट शुरू, डीजल लोको पर निर्भरता होगी कम

काेटा, 22 अक्टूबर । दौसा–गंगापुर सिटी रेलखंड पर एसी ट्रैक्शन मूवमेंट शुरू हो गया है। सिंगल लाइन रेलखंड पर विद्युत ट्रैक्शन से रेल संचालन की शुरुआत को परिचालन की दृष्टि से महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे डीजल इंजनों पर निर्भरता कम होने के साथ ट्रेन संचालन अधिक सुगम और दक्ष होगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि एसी ट्रैक्शन मूवमेंट शुरू होने के बाद जयपुर मंडल की ओर से पहली गाड़ी संख्या एनडीवी लोकोमोटिव संख्या 34021 से शाम 18:35 बजे गंगापुर सिटी पहुंची। वहीं कोटा मंडल की ओर से गाड़ी संख्या एफजेडपी+टीडब्ल्यूबी लोकोमोटिव संख्या 32135 से रात 20:05 बजे हैंडओवर की गई।

दौसा–गंगापुर सिटी रेलखंड पर एसी ट्रैक्शन संचालन शुरू होने से लोको परिवर्तन एवं डीजल ट्रैक्शन पर निर्भरता घटाने में मदद मिलेगी। साथ ही ट्रेन मोबिलिटी में सुधार, परिचालन समय की बचत तथा रेल संचालन को अधिक सुचारु एवं ऊर्जा-दक्ष बनाने में सहायता मिलेगी।

यह नई व्यवस्था दौसा–गंगापुर सिटी रेलखंड पर बेहतर और अधिक कुशल रेल परिचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply