News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

धमतरी में देह व्यापार की सूचना पर पुलिस की दबिश, 15 पकड़े गए

धमतरी, 30 सितंबर । धमतरी में देह व्यापार का कारोबार बढ़ने की सूचना के बीच पुलिस ने श्यामतराई में बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को पुलिस टीम ने श्यामतराई स्थित एक मकान में दबिश देकर 15 लोगों को पकड़ा। इनमें 9 युवक और 6 युवतियां शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए लोगों में दो नाबालिग भी हैं। कार्रवाई के दौरान महिला दलाल बताई जा रही गंगा और उसका एक सहयोगी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में सात बालिगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी पटेल ने बुधवार काे पत्रकारवार्ता कर बताया कि, मुखबिर से सूचना मिली थी कि श्यामतराई में पिछले कई दिनों से देह व्यापार जैसा कारोबार संचालित हो रहा है और दूसरे शहरों से युवतियों को यहां बुलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मकान में दबिश दी, जहां से 15 लोगों को पकड़ा गया। इस कारोबार में गंगा नाम की महिला की संलिप्तता की जानकारी सामने आई है, लेकिन वह कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गई।

श्यामतराई ग्रामीण क्षेत्र में आने के कारण यहां पीटा एक्ट के तहत कार्रवाई का प्रावधान लागू नहीं होने की बात पुलिस ने कही है। सात बालिगों के खिलाफ बीएनएस की धारा के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए बालिगों में दिक्षांश देवांगन, उम्र 32 वर्ष, निवासी रामसागर पारा धमतरी; कैलाश कुमार साहू, उम्र 22 वर्ष, निवासी श्यामतराई; चेतन सोनवानी, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम डांडेसरा; उमाशंकर ध्रुव , उम्र 26 वर्ष, निवासी भालुचुवा; सतीश कुमार चंदे, उम्र 24 वर्ष, निवासी नवागांव कंडेल; दीपक कुमार सिन्हा, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम तेलीनसत्ती और देब्रोतो गाऐन, उम्र 34 वर्ष, निवासी सुनरपुर कामाबाद, कोलकाता, हाल निवास श्यामतराई शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि, प्रारंभिक जानकारी में गंगा के पूर्व में भी इस तरह के कारोबार में संलिप्त रहने और महिलाओं से ठगी किए जाने की शिकायत सामने आई है। उसके खिलाफ पूर्व में सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज होने की बात भी पुलिस ने कही है। मंगलवार शाम कार्रवाई के बाद पकड़े गए युवाओं को छुड़ाने के लिए राजनीतिक दलों से जुड़े कुछ लोगों के फोन पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने की जानकारी भी सामने आई है।

इधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी पटेल ने कहा कि, शहर के किसी लॉज में इस तरह की गतिविधि संचालित होने की सूचना मिलती है तो पुलिस दबिश देकर कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के असामाजिक कृत्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर देह व्यापार जैसे कारोबार पर रोक लगाने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस के अनुसार शहर के रूद्री रोड, बस स्टैंड के पीछे, रत्नाबांधा रोड, सिहावा रोड, रायपुर रोड और बस्तर रोड क्षेत्र के कुछ लॉज तथा अन्य संदिग्ध स्थानों पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस को जानकारी मिली है कि अलग-अलग शहरों से युवतियों को यहां बुलाकर इस तरह की गतिविधियों में लगाए जाने की आशंका है। कुछ वार्डों में मकान किराए पर लेकर ऐसी गतिविधियां संचालित किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

Leave a Reply