कुमाऊं विवि के प्रोफेसरों सहित चार कर्मचारियों के अधिवर्षता पूर्ण करने पर सम्मान समारोह
नैनीताल, 30 सितंबर । कुमाऊं विश्वविद्यालय में वाणिज्य संकाय के अध्यक्ष एवं विभागाध्यक्ष तथा शिक्षा शास्त्र के संकायाध्यक्ष प्रो. अतुल जोशी, राजनीति विज्ञान के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. मधुरेंद्र कुमार, हिंदी विभाग की डॉ. सुभा मटियानी तथा डीएसबी परिसर की देवकी देवी के अधिवर्षता आयु पूर्ण करने पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रो. अतुल जोशी और देवकी देवी को शॉल, प्रतीक चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनकी सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कुलसचिव डॉ. रितेश साह ने कहा कि नियम के अनुसार अधिवर्षता आयु पूर्ण होने पर सेवानिवृत्त होना पड़ता है, लेकिन विश्वविद्यालय के लिए उनकी सेवाएं हमेशा स्मरणीय रहेंगी। प्रो. संजय पंत ने कहा कि उत्तराखंड आंदोलन से लेकर रक्तदान तक प्रो. अतुल जोशी ने उल्लेखनीय कार्य किए। संचालन करते हुए प्रो. ललित तिवारी ने उनके कार्यकाल से जुड़े कई संस्मरण साझा किए। बताया गया कि प्रो. अतुल जोशी की टीम को वर्ष 2013 में राष्ट्रीय सेवा योजना के इंदिरा गांधी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था और उन्हें राजभाषा पुरस्कार भी मिल चुका है।
प्रो. अतुल जोशी ने सम्मान के लिए सभी का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें विश्वविद्यालय की सेवा करने का अवसर मिला, यह उनके लिए गौरव की बात है। वक्ताओं ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वस्थ, दीर्घायु एवं ऊर्जावान जीवन की कामना की।
समारोह में डॉ. सुरेश डालाकोटी, डॉ. मोहित सनवाल, डॉ. सावित्री कैड़ा, डॉ. महेंद्र राणा, अभिराम पंत, डॉ. चारु तिवारी, डॉ. दीपक आर्य, डॉ. गगन होती, वीरेंद्र जोशी, नीरज साह, डॉ. मोहित रौतेला, दीपक बिष्ट, जगदीश, रमेश जोशी, ओम प्रकाश और नंदाबल्लभ पालीवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।