सड़क दुर्घटनाओं और जाम की समस्या को लेकर जमशेदपुर पुलिस ने की यातायात व्यवस्था की समीक्षा
पूर्वी सिंहभूम, 18 सितंबर । जमशेदपुर शहर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और यातायात संबंधी समस्याओं को लेकर पुलिस ने शुक्रवार को व्यापक समीक्षा की। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब की अध्यक्षता में हुई बैठक में यातायात व्यवस्था, जाम की समस्या, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और यातायात नियमों के अनुपालन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में यातायात डीएसपी नीरज कुमार पाठक सहित यातायात पुलिस के पदाधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी ने प्रमुख जाम वाले स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की प्रभावी तैनाती और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पीक आवर में यातायात का दबाव कम करने के लिए आवश्यकता के अनुसार डायवर्जन और बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने को कहा।
उन्होंने खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, तेज रफ्तार, नशे में ड्राइविंग, मोडिफाइड साइलेंसर और अवैध डार्क फिल्म के इस्तेमाल के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग और अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होने की स्थिति में संबंधित लोगों और वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा गया।
एसएसपी ने नो-एंट्री व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए नियमित अभियान चलाने पर जोर दिया। दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय, संकेतक और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में सीसीटीवी कैमरों, ट्रैफिक लाइट और अन्य तकनीकी माध्यमों से यातायात उल्लंघनों की निगरानी बढ़ाने तथा पुलिस पदाधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर यातायात व्यवस्था पर नजर रखने को कहा गया। दीर्घकालिक सुधार के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाने पर भी जोर दिया गया।———–