राज्य महिला आयोग के निरीक्षण में कस्तूरबा विद्यालय की खुली पोल, छात्राओं से लेकर वार्डन तक गायब
विकासखंड कोन के लखनपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में मंगलवार को राज्य महिला आयोग की सदस्य नीलम प्रभात के निरीक्षण के दौरान व्यवस्था की गंभीर खामियां सामने आईं। विद्यालय परिसर में छात्राओं के साथ वार्डन और शिक्षिकाएं भी मौजूद नहीं मिलीं। मौके पर केवल एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और एक महिला पीआरडी कर्मी मौजूद थीं।
राज्य महिला आयोग की सदस्य नीलम प्रभात खंड विकास अधिकारी कोन शैलेश सिंह के साथ विद्यालय पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान जानकारी मिली कि वार्डन छात्राओं की छुट्टी कराकर स्वयं भी घर चली गई थीं। विद्यालय में छात्राओं की गैरमौजूदगी और कर्मचारियों के अनुपस्थित मिलने पर सदस्य ने नाराजगी जताई।
उन्होंने विद्यालय के कक्षों के साथ छात्राओं के लिए बने बाथरूम और शौचालयों का भी निरीक्षण किया। यहां गंदगी मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि निरीक्षण की सूचना एक दिन पहले दिए जाने के बावजूद विद्यालय में छात्राओं और जिम्मेदार कर्मचारियों का नहीं मिलना गंभीर लापरवाही है।
नीलम प्रभात ने कहा कि इतना बड़ा आवासीय विद्यालय महज एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और महिला पीआरडी कर्मी के भरोसे छोड़ना उचित नहीं है। उन्होंने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से कर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई कराने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान जिला कोऑर्डिनेटर महिला कल्याण मंजू यादव, वन स्टॉप सेंटर केंद्र प्रबंधक पूजा मौर्य, एसीडीपीओ ज्योति सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।