News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग पर टेंपो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त, एक की माैत

नैनीताल, 14 अगस्त । नैनीताल जिले के रामगढ़-मुक्तेश्वर मोटर मार्ग पर शुक्रवार को यात्रियों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर करीब 25 मीटर गहरी खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

पुलिस, अग्निशमन सेवा, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त बचाव अभियान में 21 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक यात्री वाहन में फंसा हुआ था, जिसे गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से निकालने का प्रयास जारी था। सभी यात्री फरीदाबाद, हरियाणा और दिल्ली के निवासी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

नैनीताल पुलिस के अनुसार वाहन संख्या यूपी-14-टीक्यू-9690 में चालक समेत कुल 22 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद पुलिस, अग्निशमन सेवा, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अभियान की निगरानी पुलिस अधीक्षक-अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में भवाली के क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल और प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा ने की।

अब तक 22 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। इनमें 14 गंभीर घायलों को स्थानीय सीएचसी में प्राथमिक उपचार देने के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी रेफर किया गया है। छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। हादसे में फरीदाबाद निवासी 24 वर्षीय सुमित पाल सिंह पुत्र कनक पाल सिंह की मृत्यु हुई है।

हादसे में गंभीर रूप से घायल मनीष कुमार (25), नंदिनी (22), तुषार कुमार (21), लक्ष्मी (27), 17 वर्षीय मयंक, प्रदीप कुमार (26), रितिका (23), हर्ष वर्मा (26), पायल (22), आनंद (27), अजय (25), अंजलि (22), 10 माह की बालिका मिस्टी और यश कुमार (27) को प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी रेफर किया गया।

धर्मेंद्र (24), डॉली (25), अंजलि (23), धीरज (25), अंकित (26) और सोनिया (23) को सुरक्षित बताया गया है। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने अभिरक्षा में ले लिया।

Leave a Reply