सीबीआई ने रेलवे के दो कार्मिकों को एक लाख बीस हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया
बीकानेर, 14 अगस्त । सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इनवेस्टिगेशन (सीबीआई) ने बीकानेर में रेलवे के दो कार्मिकों को 1 लाख 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। इनमें एक सीनियर सेक्शन ऑफिसर और एक रेलवे कर्मचारी शामिल है। दोनों पर कोलकाता की एमआरटी कंपनी के करीब 48 करोड़ रुपये के टेंडर से जुड़े बिल पास करने और भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। सीबीआई ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद ढोला मारु होटल के पास रेलवे के कंस्ट्रक्शन विंग के ऑफिस में ट्रैप कार्रवाई की।
कार्रवाई के बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया, जबकि अधिकारी मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। जांच एजेंसी अब रिश्वत, बिल भुगतान और टेंडर से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। टीम ने सीबीआई टीम ने जाल बिछाकर सीनियर सेक्शन ऑफिसर राजेंद्र चौधरी और उनके साथी कार्मिक राकेश को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार मामला करीब 48 करोड़ रुपये के टेंडर से जुड़े बिलों के भुगतान और उन्हें पास करने से जुड़ा है। आरोप है कि कंपनी के बिलों के भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने और उन्हें पास करने के बदले 1 लाख 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
बिल भुगतान के बदले रिश्वत मांगे जाने की शिकायत सीबीआई को मिली थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद जांच एजेंसी ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद कंपनी की ओर से रिश्वत की रकम देने पहुंचे कार्मिक के जरिए जाल बिछाया गया और दोनों रेलवे कार्मिकों को 1 लाख 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया गया। जांच एजेंसी अब रिश्वत की मांग, बिल भुगतान और करीब 48 करोड़ रुपये के टेंडर से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। सीबीआई की जांच आगे बढ़ने के साथ मामले से जुड़े अन्य तथ्य और इसमें अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की संभावना है।