सोशल मीडिया पर जातिसूचक टिप्पणी कर वीडियो वायरल करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार
हरिद्वार, 09 नवंबर । सोशल मीडिया पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर वीडियो वायरल करने के मामले में सिडकुल पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लिया है। दोनों के खिलाफ आईटी एक्ट, भारतीय न्याय संहिता और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, बीती दो नवंबर को थाना सिडकुल क्षेत्र के रोशनाबाद में कुछ व्यक्तियों की ओर से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया गया था। वीडियो में जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किए जाने की शिकायत मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। इसमें धारा 67 आईटी एक्ट, धारा 351(2) भारतीय न्याय संहिता और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(1)(द) के तहत वंशपाल आदि को नामजद किया गया था।
मामले की जांच के बाद पुलिस टीम ने सोमवार, नौ नवंबर को कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीपांशु पाल (19) पुत्र राजीव पाल और वंशपाल (19) पुत्र प्रवीन पाल, निवासी ग्राम रोशनाबाद, थाना सिडकुल, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उनका चालान कर दिया है।
