शिशु मंदिर में संस्कृति बोध योजना का हुआ शुभारंभ
रामगढ़, 13 अगस्त । शहर के रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में गुरुवार को संस्कृति बोध योजना का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य, शिक्षिका और छात्र-छात्राओं ने योजना के उद्देश्यों और महत्व की जानकारी प्राप्त की। योजना के अंतर्गत विद्यालय के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और समाज के लोगों के लिए संस्कृति बोध परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। यह परीक्षा विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान, कुरुक्षेत्र के माध्यम से आयोजित की जाएगी। 13 से 28 अगस्त तक यह योजना चलेगी।
परीक्षा के माध्यम से प्रतिभागियों को भारतीय संस्कृति, सभ्यता, परंपराओं और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित होने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण ने कहा कि संस्कृति किसी भी राष्ट्र की पहचान और उसकी जीवनशैली का आधार होती है। उन्होंने कहा कि आज बदलते सामाजिक और आधुनिक परिवेश में अपनी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण की आवश्यकता पहले से अधिक है। युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है।