News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

पाकुड़ में मासूम बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, दो नाबालिग निरुद्ध

पाकुड़, 26 अगस्त । पाकुड़ जिले के मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र में एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़िता की मां ने गांव के ही दो नाबालिगों के खिलाफ मालपहाड़ी ओपी में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दोनों नाबालिगों को निरुद्ध कर लिया है। ओपी प्रभारी राहुल कुमार गुप्ता ने मामले की पुष्टि की है।

पीड़िता की मां के अनुसार, 25 अगस्त को दिन करीब 11 बजे बच्ची खेलने के लिए घर से बाहर निकली थी। करीब एक घंटे बाद वह रोते-बिलखते घर लौटी। बच्ची को जख्मी हालत में देखकर उसकी मां घबरा गई।

शिकायत में बताया गया है कि गांव की एक महिला ने बच्ची के साथ नवनिर्मित मकान में कथित तौर पर गलत होते देखा था। महिला ने इसकी जानकारी बच्ची की मां को दी। इसके बाद पीड़िता की मां मालपहाड़ी ओपी पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए लिखित शिकायत दी।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और दोनों नाबालिगों को निरुद्ध कर लिया। ओपी प्रभारी राहुल कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले में कांड संख्या 200/26 दर्ज कर पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने बच्ची को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेज दिया है। ओपी प्रभारी के अनुसार, दोनों नाबालिगों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

————

Leave a Reply