News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

अम्बिकापुर : अकीदत और सौहार्द के रंगों में रंगा बटवाही, ईद-ए-मिलाद-उन-नबी पर निकला भव्य ‘जुलूसे मोहम्मदी’

अम्बिकापुर, 26 अगस्त । पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश (ईद-ए-मिलाद-उन-नबी) के मुकद्दस मौके पर सरगुजा जिले के लुण्ड्रा जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत बटवाही में अकीदत और उल्लास का अनुपम संगम देखने को मिला। अंजुमन गोसिया कमेटी के संयोजन में अहले सुन्नत समाज द्वारा पारंपरिक शानो-शौकत के साथ ‘जुलूसे मोहम्मदी’ निकाला गया, जिसमें हजारों की तादाद में अकीदतमंदों ने शिरकत कर अमन, मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम दिया।

बटवाही जामा मस्जिद परिसर से शुरू हुआ यह कारवां मिशन चौक, रघुनाथपुर बस स्टैंड और स्थानीय पुलिस चौकी होते हुए सुमेरपुर तक पहुंचा। पूरे मार्ग में पैगंबर साहब की शान में नात-ओ-सलाम की सदाएं गूंजती रहीं। जुलूस के दौरान मिलाद महफिल और सीरत सम्मेलन का आयोजन हुआ, जहां उलेमाओं ने हजरत मुहम्मद के जीवन दर्शन, आदर्शों और इंसानियत की तालीम पर रोशनी डालते हुए आपसी सद्भाव मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को निर्विघ्न और सौहार्दपूर्ण बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। रघुनाथपुर चौकी प्रभारी आर.एन. पटेल के नेतृत्व में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

इस रूहानी जलसे में इमाम मौलाना उमर नूरानी, कमेटी सदर मोहम्मद ताहिर हुसैन, हाफिज सफीक कादरी, मोहम्मद इसराइल अंसारी, मोहम्मद हैदर अली, मोहम्मद असलम खान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। जनसहयोग और प्रशासनिक सतर्कता से पूरा आयोजन मिसाली शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply