आकाशीय बिजली से मृत भाजपा बूथ अध्यक्ष के परिजनों को मिली चार लाख रुपये की सहायता
देवरिया, 11 जुलाई । उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र के महुआपाटन गांव निवासी भाजपा बूथ अध्यक्ष स्वर्गीय सतीश जायसवाल के परिजनों को शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार की आपदा राहत योजना के तहत चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने उनके आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सहायता राशि का चेक सौंपा और संवेदना व्यक्त की।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दिवंगत सतीश जायसवाल के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली गिरने से सतीश जायसवाल का असामयिक निधन अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति है। इस कठिन समय में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार प्रदेश सरकार आपदा प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में पात्र परिवारों को समयबद्ध तरीके से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि संकट की घड़ी में उन्हें राहत मिल सके।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों की सहायता सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपदा से जुड़े मामलों में राहत वितरण की प्रक्रिया को शीघ्रता से पूरा किया जाए, जिससे पीड़ित परिवारों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।