News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Delhi

नेपाल ने पुनर्निर्माण के लिए जर्मनी से सहयोग मांगा

काठमांडू, 24 सितंबर । नेपाल के विदेशमंत्री शिशिर खनाल ने हाल में आई बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों की पुनर्स्थापना, पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए जर्मनी से सहयोग मांगा है।

संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के अवसर पर न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में जर्मनी की आर्थिक सहयोग एवं विकासमंत्री रिम अलाबाली राडोवान के साथ द्विपक्षीय ‘साइडलाइन’ बैठक में मंत्री खनाल ने आपदा के बाद पुनर्निर्माण के साथ-साथ जलवायु-लचीलेपन, आपदा पूर्व तैयारी और क्षमता विकास में अतिरिक्त निवेश की आवश्यकता पर जोर दिया।

विदेशमंत्री खनाल ने नेपाल की विकास प्रक्रिया में जर्मनी की ओर से लंबे समय से दिए जा रहे महत्वपूर्ण सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों का सामना करना पूरे अंतरराष्ट्रीय समुदाय की साझा जिम्मेदारी है। राडोवान ने नेपाल में हाल में आई विनाशकारी आपदा को वैश्विक साझा चुनौती बताते हुए कहा कि जर्मनी नेपाल को वित्तीय और मानवीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में नेपाल-जर्मनी के बीच द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श हुआ। दोनों पक्षों ने पारस्परिक हित के क्षेत्रों में सहयोग को आने वाले दिनों में और मजबूत एवं गहरा बनाने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

Leave a Reply