शहडोल: पुलिस हिरासत से भागा चोरी का संदेही,4 घंटे की दोबारा पकड़ाया
शहडोल, 11 जुलाई । मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र में शनिवार को चोरी के मामलों में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया एक संदेही पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के चलते चार घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद उसे मलमाथर क्षेत्र से दोबारा दबोच लिया गया।
गोहपारू थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार हो रही चोरियों की जांच के दौरान पुलिस ने खनौधी गांव के रहने वाले 25 वर्षीय झुरू बैगा को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया था। शुरुआती पूछताछ में उसने चोरी की घटनाओं में शामिल होना कबूल किया और सामान बरामद कराने के लिए तैयार हो गया। शनिवार को जब पुलिस टीम उसे माल बरामदगी के लिए उसके घर के पास ले जा रही थी, तभी वह पुलिसकर्मियों की मौजूदगी का फायदा उठाकर अचानक पास के जंगल की ओर भाग निकला। हिरासत से संदेही के भागने की खबर मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल उसकी गिरफ्तारी के निर्देश दिए। संदेही को पकड़ने के लिए तुरंत दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया और संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई।
आखिरकार पुलिस ने मलमाथर क्षेत्र की घेराबंदी कर चार घंटे के भीतर झुरू बैगा को फिर से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि संदेही से गोहपारू थाने में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि संदेही पुलिस की निगरानी से भागने में कैसे कामयाब रहा और इसमें किस स्तर पर लापरवाही हुई है। पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।