राजगढ़ः कॉलेज की अव्यवस्थाओं को लेकर एनएसयूआई ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
राजगढ़, 22 जुलाई । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नेताजी सुभाषचंद्र बोस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ब्यावरा में बुधवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने छात्रहित से जुड़ी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय परिसर में नारेबाजी करते हुए प्राचार्य आरके. गुप्ता को ज्ञापन सौंपा और जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
ज्ञापन में एनएसयूआई ने आरोप लगाया कि महाविद्यालय में लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई और शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। संगठन ने परिसर में नियमित साफ-सफाई,स्वच्छ पेयजल और शौचालयों की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा खराब पड़े पंखे,लाइट और अन्य आवश्यक संसाधनों की तत्काल मरम्मत कराने की भी मांग उठाई।
छात्र नेताओं ने पुस्तकालय में नवीन पाठ्य सामग्री और पर्याप्त संख्या में पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की। साथ ही छात्र-छात्राओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नियमित शिकायत निवारण व्यवस्था शुरू करने और परिसर में स्वच्छता, हरियाली तथा अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रभावी निगरानी की आवश्यकता भी बताई। एनएसयूआई पदाधिकारियों ने कहा कि यदि महाविद्यालय प्रशासन ने छात्रहित से जुड़ी इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो संगठन व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान एनएसयूआई जिला अध्यक्ष देवेंद्र गुर्जर, विधानसभा अध्यक्ष ईश्वर गुर्जर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल दांगी युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमन अरोरा, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष देवेंद्र गुर्जर, विधानसभा अध्यक्ष ईश्वर गुर्जर,राहुल जाटव,भूपेन्द्र गुर्जर,ब्लाॅक अध्यक्ष अंकित सौंधिया सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।