News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

नूंह में अपराध समीक्षा बैठक, मोस्ट वांटेड की गिरफ्तारी और कांवड़ यात्रा सुरक्षा पर विशेष जोर

नूंह, 22 जुलाई । दक्षिण मण्डल रेवाड़ी के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश नरवाल ने बुधवार को जिला पुलिस कार्यालय, नूंह में अपराध समीक्षा बैठक कर जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आगामी जलाभिषेक यात्रा एवं कांवड़ ड्यूटी की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने जघन्य अपराधों में तत्काल कार्रवाई, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

जिला पुलिस कार्यालय पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया, जबकि सलामी गार्द ने उन्हें जनरल सलामी दी। इसके बाद सभागार में आयोजित बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और विभिन्न अभियानों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने जिले में अपराध नियंत्रण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, विशेष अभियानों तथा पुलिस द्वारा किए जा रहे नवाचारों की जानकारी प्रस्तुत की। समीक्षा के दौरान आईजी ओमप्रकाश नरवाल ने कहा कि हत्या, लूट, डकैती, हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक गंभीर घटना की सूचना बिना विलंब वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सक्रिय गश्त, प्रभावी नाकेबंदी और मजबूत पुलिसिंग अपराध नियंत्रण का सबसे कारगर माध्यम है। सभी थाना प्रभारियों को नियमित पैदल और वाहन गश्त बढ़ाने, नाकों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच करने तथा अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए।

आगामी जलाभिषेक यात्रा एवं कांवड़ ड्यूटी को लेकर आईजी ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था, यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सुचारु यातायात व्यवस्था तथा संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्गों पर स्थित मीट, मांस एवं बिरयानी की दुकानों के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। पुलिस महानिरीक्षक ने थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों के दुष्चरित्र, आदतन एवं असामाजिक तत्वों का अद्यतन रिकॉर्ड रखने तथा उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस-पब्लिक संवाद को मजबूत कर आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाए रखने पर विशेष बल दिया। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वाई.वी.आर. शशी शेखर, विभिन्न उप-पुलिस अधीक्षक, सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, सीआईए प्रभारी एवं विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का समापन अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जिले में सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण कायम रखने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply