चोरी की वारदात का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार
कोडरमा, 28 जुलाई । कोडरमा पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से चोरी गई संपत्ति बरामदगी करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त की है। एसडीपीओ प्रमोद केशरी ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि कोडरमा थाना क्षेत्र के वृंदा गांव निवासी गुरु प्रसाद साव के घर में अज्ञात अपराधियों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनके लिखित आवेदन पर कोडरमा थाना में मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, कोडरमा के निर्देश पर थाना प्रभारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया।
टीम में तकनीकी शाखा के कर्मियों को भी शामिल किया गया। तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, मानवीय सूचना और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने तौफिक अंसारी और मो आतिफ मंसूरी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी गए सभी सामान बरामद कर लिए गए। साथ ही घटना में प्रयुक्त अपाची बाइक (संख्या जीच12जी 5323) भी जब्त कर ली गई। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से सोने एवं चांदी के आभूषण, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, दो स्मार्टफोन, चोरी में प्रयुक्त औजार, दो स्थानों से कुल 10,000 रूपये नकद और अन्य सामान बरामद किया है। साथ ही ज्वेलरी खरीद से संबंधित बिल भी जब्त की गई है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी अरविंद कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक धनेश्वर कुमार और कोडरमा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।