योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: वर्मा
पौड़ी गढ़वाल, 12 जुलाई । सेवा, सुशासन एवं समर्पण-जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत रविवार को विकासखंड कल्जीखाल सभागार में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर आमजन की समस्याएं सुनीं, सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
आज आयोजित कार्यक्रम में राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री अशोक वर्मा ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभार्थियों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सीएम की पहल पर प्रदेशभर में आयोजित जनसेवा शिविर शासन और जनता के बीच प्रभावी संवाद का माध्यम बने हैं। इन शिविरों के जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान ने अफसरों को शिविर में प्राप्त शेष शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को कहा। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के माध्यम से 113 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से लाभांवित किया गया। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख गीता देवी, ज्येष्ठ उप प्रमुख संजय पटवाल, कनिष्ठ उप प्रमुख दीपक असवाल, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया आदि शामिल रहे।