News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Punjab

पंजाब में किसानों का अमेरिका से ट्रेड डील व लैंड पूलिंग पॉलिसी के विरोध में टोल प्लाजा पर प्रदर्शन

चंडीगढ़, 14 जुलाई । राजधानी चंडीगढ़ में मोटरइसाकिल रैली निकालने के बाद पंजाब के विभिन्न किसान संगठनों ने मंगलवार को पंजाब के सभी जिलों में प्रदर्शन करते हुए टोल प्लाजा फ्री कर दिए। किसान मंगलवार सुबह पटियाला, मोहाली, लुधियाना, जालंधर समेत कई जिलों में लगे टोल प्लाजा के पास एकत्र हुए और भारत-अमेरिका ट्रेड डील तथा पंजाब सरकार द्वारा लागू की जा रही लैंड पूलिंग पॉलिसी का विरोध करते हुए टोल प्लाजा फ्री कर दिए।

गैर-राजनीतिक संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम गैर-राजनीतिक) के राष्ट्रीय संयोजक और भारतीय किसान यूनियन (एकता सिद्धूपुर) के अध्यक्ष जगजीत सिंह डल्लेवाल ने ऐलान किया था कि 14 जुलाई को पंजाब के सभी टोल प्लाजा को जनता के लिए टोल फ्री कर दिया जाएगा। जिसके चलते आज प्रदेश भर के टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किए गए।

पंजाब में किसान संगठनों ने जिन टोल को फ्री किया है, उनमें सबसे महंगा लुधियाना जिला का लाडोवाल टोल प्लाजा भी शामिल है। किसान संगठनों ने टोल प्लाजा पर धरना देकर केंद्र व पंजाब सरकार के विरूद्ध नारेबाजी की। किसानों के अनुसार प्रस्तावित भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौता कृषि क्षेत्र और स्थानीय किसानों के हितों के खिलाफ हो सकता है। इन्हीं मुद्दों को लेकर आज पंजाब के विभिन्न टोल प्लाजा पर किसानों ने बैठकें कीं और विरोध प्रदर्शन किया गया।

डल्लेवाल ने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पंजाब की उपजाऊ कृषि भूमि को हासिल कर बड़े कॉर्पोरेट घरानों को सौंपने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि लैंड पूलिंग नीति इसी दिशा में उठाया गया कदम है, जिसे किसान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे। लुधियाना के लाडोवाल टोल प्लाजा पर बड़ी संख्या में किसान एकत्र हुए हैं। यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों से टोल टैक्स नहीं लिया जा रहा है, जिससे उन्हें राहत मिल रही है।

Leave a Reply