डॉ. श्वेता कंसाना बनीं मिसेज़ राजस्थान 2026
जयपुर, 19 जून । फ्यूजन ग्रुप द्वारा आयोजित मिसेज़ राजस्थान 2026 के भव्य ग्रैंड फिनाले में डॉ. श्वेता कंसाना ने गोल्ड कैटेगरी का खिताब अपने नाम कर राजस्थान का गौरव बढ़ाया। यह प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट का 9वां सीज़न था, जिसका आयोजन फ्यूजन ग्रुप की निदेशक निमिषा मिश्रा एवं योगेश मिश्रा के नेतृत्व में जामडोली स्थित हेइवा हेवन रिज़ॉर्ट में किया गया। प्रतियोगिता में गोल्ड और सिल्वर दोनों श्रेणियों में विजेताओं का चयन किया गया।
डॉ. श्वेता कंसाना पेशे से एक दंत चिकित्सक (डेंटिस्ट) हैं और पिछले 11 वर्षों से डॉ. ठक्कर्स जयपुर डेंटल हॉस्पिटल में एसोसिएट डेंटिस्ट के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। अपनी पेशेवर जिम्मेदारियों के साथ-साथ उन्होंने इस मंच पर आत्मविश्वास, प्रतिभा और व्यक्तित्व का शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
डॉ. श्वेता कंसाना की इस सफलता के पीछे उनके परिवार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वह तुषार चंदेला की धर्मपत्नी हैं और उनके परिवार में एक 10 वर्षीय पुत्र भी है। परिवार के सहयोग और प्रोत्साहन ने उन्हें अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा दी।
मिसेज़ राजस्थान 2026 में मिली यह उपलब्धि न केवल डॉ. श्वेता कंसाना के लिए, बल्कि जयपुर और पूरे राजस्थान के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर महिलाएं परिवार और पेशेवर जीवन के साथ-साथ अपने सपनों को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती हैं।