चोरों ने घर का ताला तोड कर चुराए लाखों के जेवर
रामगढ़, 17 जून । रामगढ़ थाना क्षेत्र के मरार, हीरक नगर में केदारनाथ यात्रा पर गए एक परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा। उनकी अनुपस्थिति में चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपए के जेवर चुरा लिए। केदारनाथ की यात्रा से लौटे घर के मालिक सनी कुमार ने बुधवार को रामगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
सनी कुमार ने पुलिस को बताया कि उनका पूरा परिवार पिछले दिनों केदारनाथ की यात्रा करने के लिए गया हुआ था। इस बीच उनका घर सुनसान पड़ा था। मंगलवार को उनके पड़ोसी ने फोन कर उन्हें बताया कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा है। जब सनी कुमार अपने परिवार के साथ वापस लौटे तो उन्होंने घर की छानबीन की। इस दौरान पता चला कि लगभग 05 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के जेवर चोर ले गए हैं। उन्होंने पुलिस को इस मामले में कार्रवाई करने की बात कही है।
रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि चोरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है। चोरों की पहचान होने के बाद उनके जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि जब भी वे अपने घर को बंद कर निकले तो इसकी सूचना पुलिस को भी दें। लंबे समय तक घर बंद रहने के कारण चोर वारदात को अंजाम देते हैं। आसपास के लोगों से भी बंद पड़े घरों के बारे में पुलिस को सूचना देने की भी अपील उन्होंने की है। ताकि पुलिस उस इलाके में पेट्रोलिंग कर लोगों को सुरक्षित रख सके।