News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

बलरामपुर : अवैध डीजल परिवहन करते दो आरोपित गिरफ्तार, 385 लीटर डीजल जब्त

बलरामपुर, 02 जून । बलरामपुर जिले के थाना बसंतपुर पुलिस ने अवैध डीजल परिवहन के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 385 लीटर डीजल जब्त किया है। जब्त डीजल की अनुमानित कीमत करीब 39 हजार 655 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 1 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन में उत्तर प्रदेश के आसनडीह क्षेत्र से अवैध रूप से डीजल लाकर बसंतपुर क्षेत्र में खपाने की तैयारी की जा रही है। सूचना के आधार पर थाना बसंतपुर के सामने एमसीपी प्वाइंट पर जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी-16-सीई-9790 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में 11 जरीकेन में भरा कुल 385 लीटर डीजल बरामद हुआ। डीजल परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने डीजल और वाहन को जब्त कर लिया।

मामले में स्याही निवासी गुल्लू कनौजिया तथा मेदारी निवासी राहुल जायसवाल को आज गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसी एक्ट) की धारा 3 एवं 7 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस ने बताया कि अवैध रूप से पेट्रोलियम पदार्थों के परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply