News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

सूरजपुर : दुरती शिविर में 94 आवेदनों का मौके पर निराकरण

सूरजपुर, 02 जून । सुशासन तिहार के तहत विकासखंड प्रतापपुर के ग्राम पंचायत दुरती में आयोजित समस्या समाधान शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।

शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 274 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 94 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर आवेदकों को जानकारी दी गई। शेष 180 आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान 14 हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड, 9 वृद्धजनों को पेंशन स्वीकृति पत्र तथा 4 हितग्राहियों को उपचार के लिए आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से लाभार्थी पांच लाख रुपये तक की निशुल्क स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।

शिविर में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विकासखंड प्रतापपुर के हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 10 छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति देकर प्रोत्साहित किया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों ने भी लोगों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते, वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणी पैकरा, एसडीएम ललिता भगत, जनपद पंचायत सीईओ अनिल तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply