दो ट्रैक्टरों की भिड़ंत में बाइक सवार बच्ची की मौत, मामा समेत दो घायल
औरैया, 22 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सहार थाना क्षेत्र के पटना गांव के पास गुरुवार रात दो तेज रफ्तार ट्रैक्टरों की टक्कर में बाइक सवार नौ वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके मामा समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार फफूंद थाना क्षेत्र के मड़ैया निवासी नीरज राजपूत अपनी बहन के घर कलुआपुर थाना तिर्वा से नौ वर्षीय भांजी रीतू को लेकर वापस लौट रहे थे। उनके साथ कटरा फफूंद निवासी मंगल सिंह भी बाइक पर सवार थे। रात करीब नौ बजे सहार थाना क्षेत्र के पटना गांव के पास सामने से आ रहे दो तेज रफ्तार ट्रैक्टर ओवरटेक करते हुए बाइक से टकरा गए।
हादसे में रीतू पुत्री कमलेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नीरज राजपूत और मंगल सिंह के पैर टूट गए तथा उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही सहार थाना प्रभारी रमेश सिंह, बेला थाना प्रभारी गंगादास गौतम और सहायल थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, जबकि बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।