News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

राजस्थान में गर्मी से मिली हल्की राहत, 22 मई से बारिश और आंधी की संभावना

जयपुर, 21 मई । राजस्थान के अधिकांश शहरों में तापमान में मामूली गिरावट दर्ज होने से आमजन को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार 22 मई से सक्रिय होने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में बारिश, मेघगर्जन और आंधी की संभावना है। इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। हालांकि 24 मई से एक बार फिर पारे में बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

गुरुवार को श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अधिकांश अन्य शहरों में तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। राजधानी जयपुर में भी तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई और दिनभर हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलती रहीं। जयपुर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में राज्य के उत्तरी भागों में अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तथा अन्य अधिकांश क्षेत्रों में 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस श्रीगंगानगर में रिकॉर्ड किया गया। उन्होंने बताया कि आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा, लेकिन नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 22 और 23 मई को उत्तर-पश्चिमी तथा उत्तरी राजस्थान में दोपहर बाद मेघगर्जन और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज धूलभरी हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। वहीं 24 मई से तापमान में पुनः 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने और कुछ क्षेत्रों में हीटवेव तथा कहीं-कहीं तीव्र हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है। गुरुवार को प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा, जबकि कुछ स्थानों पर हीटवेव की स्थिति दर्ज की गई।

Leave a Reply