News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

हर नागरिक का सकारात्मक फीडबैक बनेगा स्वच्छ प्रयागराज की पहचान : गणेश केसरवानी

प्रयागराज, 12 मई । हर नागरिक का सकारात्मक फीडबैक स्वच्छ प्रयागराज की पहचान बनेगा। स्वच्छ सर्वेक्षण केवल नगर निगम का कार्यक्रम नहीं बल्कि पूरे शहर का अभियान है। यह बात मंगलवार को स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में प्रयागराज को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल कराने के लिए नगर निगम के जनजागरूकता की गति को आगे बढ़ाते हुए व्यापारियों के बीच चौक में पहुंचे महापौर गणेश केसरवानी ने कही।

उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। जनसंपर्क अभियान के दौरान महापौर ने व्यापारियों को मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन फीडबैक भरने की प्रक्रिया समझाई और मौके पर ही अनेक लोगों से फॉर्म सबमिट कराया।

उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से नागरिक सहभागिता बढ़ाना नगर निगम की प्राथमिकता है और इसके लिए वार्ड स्तर पर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

महापौर ने कहा कि प्रयागराज धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से विश्व प्रसिद्ध शहर है। ऐसे में स्वच्छता केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं बल्कि सामाजिक दायित्व भी है। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और नगर निगम की व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, सड़क सफाई, सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था और कूड़ा निस्तारण जैसे कार्य लगातार संचालित किए जा रहे हैं। अब जरूरत इस बात की है कि आमजन भी स्वच्छता को अपनी आदत बनाकर इस अभियान को जनआंदोलन का रूप दें।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में प्रयागराज को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल कराने के लिए नगर निगम का जनजागरूकता अभियान तेज हो गया है।

इसी क्रम में महापौर गणेश केसरवानी ने चौक त्रिपौलिया क्षेत्र में व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों के बीच पहुंचकर ऑनलाइन सिटिजन फीडबैक फॉर्म भरवाए और लोगों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद सुनीता चोपड़ा, साहिल अरोरा, दिनेश विश्वकर्मा, राजू पाठक, हिमालय सोनकर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने नागरिकों से स्वच्छ सर्वेक्षण सिटिजन फीडबैक अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की बात कही।

जनसंपर्क अभियान के दौरान व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने भी नगर निगम के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रयागराज को स्वच्छता में नंबर वन बनाने के लिए सहयोग का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply